एबीआरएसएम विद्यालय शिक्षा ने सचिव स्तरीय वार्ता में वित्तीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की रखी मांग
प्रेस विज्ञप्ति:सादर प्रकाशनार्थ
कार्तिक मास कृष्ण पक्ष दशमी विक्रम संवत 2083 बुधवार दिनांक 04 नवंबर 2026
शैक्षिक महासंघ की दीपावली पूर्व शिक्षकों के लिए सचिव स्तरीय वार्ता रही सफल
जयपुर।अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान विद्यालय शिक्षा के प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा के नेतृत्व में अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएमओ अखिल अरोड़ा से वार्ता कर शिक्षकों की विभिन्न मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
संगठन के प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री महोदय से वार्ता में बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) राज्य के शिक्षकों का बड़ा संगठन है, जो 3 लाख शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करता है। संगठन शिक्षा, शिक्षक व शिक्षार्थियों के हित में चिंतन मंथन करते हुए नवाचार व नवोन्मेश के लिए सदैव तत्पर रहता है।इस सम्बन्ध में वार्ता में प्रमुख रूप से शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षा मे स्टाफिंग पैटर्न करके पदों की स्वीकृति हेतु वित्त विभाग को प्रेषित पत्रावली को अनुमोदित कराने,31 दिसंबर के पश्चात नियुक्त शिक्षकों को ग्रीष्मावकाश सहित प्रथम नियुक्ति तिथि से न्यायालय के निर्णयानुसार समस्त परिलाभ देने,वेतन व्यवस्था वाले शिक्षकों को शहरी मकान किराया व भत्ता देने में वसूली रोकने,सेवारत शिक्षकों द्वारा B.ED. के दौरान इंटर्नशिप समय का पूर्ण वेतन देने व वसूली के आदेश बापस लेने और शिक्षक कल्याण बोर्ड के गठन का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की मांग की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने बताया कि संगठन ने अतिरिक्त मुख्य सचिव महोदय से वार्ता कर विभिन्न वित्तीय मांगों और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की।इसके अनुसार समग्र शिक्षा के तहत कार्यरत परिषद् मुख्यालय, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत अधिकारियो/कर्मचारियों के वेतन भुगतान SNA SPARSH खाते से पीडी खाते मे राशि हस्तान्तरण कर वेतन का भुगतान किये जाने के लिए वित्त विभाग से तुरंत स्वीकृति दिलाकर दीपावली से पूर्व गत 4 माह का वेतन भुगतान करने,सरकारी विद्यालयों में पोषाहार कुक-कम-हेल्पर के लंबित मानदेय तथा कन्वर्जन राशि एवं दूध-चीनी राशि का तत्काल भुगतान करवाने की मांग की।
पुष्करणा ने कहा कि संगठन की अतिरिक्त मुख्य सचिव से वार्ता में टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत तृतीय श्रेणी व द्वितीय श्रेणी शिक्षकों का समायोजन नॉन टीएसपी क्षेत्र मे व नॉन टीएसपी क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों को गृह जिलों में स्थानांतरित करने,शिक्षको से विभिन्न वसूलियों को रोकते हुए पे-प्रोटेक्शन देने,तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबंधकों की वेतन विसंगति दूर करने के साथ ही 33000 संविदा शिक्षको को प्रबोधको की भांति नियमित करने की प्रक्रिया अतिशीघ्र प्रारंभ करने की मांग की।
प्रदेश महामंत्री लखारा ने कहा कि संगठन की आज की सचिव स्तरीय वार्ता सफल रही और अतिरिक्त मुख्य सचिव ने शिक्षकों की मांगों और संगठन के सुझावों पर सकारात्मक मत रखा और शीघ्र वित्तीय मांगों के निस्तारण का आश्वासन दिया।इस अवसर पर शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा, महामंत्री महेंद्र लखारा, संगठन मंत्री उमराव लाल वर्मा, अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल उपस्थित थे।
भवदीय
महेंद्र कुमार लखारा
प्रदेश महामंत्री
9460209114



